मोहाली। वीआईपी सिटी से कैब लूट कर फरार हुए चंडीगढ़ के एक बदमाश को अमृतसर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मोहाली में कैब लूटने वाले बदमाश को अमृतसर पुलिस ने लूटी गई कैब व दो पिस्तौलों के साथ गिरफ्तार किया। मोहाली पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है।
चंडीगढ़ के एक व्यक्ति ने बंदूक की नोंक पर 8 दिसंबर को सुबह 4 बजे टैक्सी छीन ली थी। यह घटना झंझेड़ी के एक निजी कॉलेज के पास हुई थी। शिकायतकर्ता अमरजीत सिंह ऑनलाइन कैब सेवा ओला के लिए काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह चंडीगढ़ के सेक्टर 17 में थे जब एक व्यक्ति ने उनसे लांडरां के पास झंझेड़ी में इंजीनियरिंग कॉलेज के पास ड्राप करने के लिए संपर्क किया था। उसे मारुति वैगनार कार में आदमी को बिठाया। जब वह झंझेड़ी गांव के पास पहुंचे तो उसने उन पर पिस्तौल तान दी और खुद ड्राइविंग सीट पर आ गया। शिकायतकर्ता ने कहा कि रोड पर स्पीड ब्रेकर के कारण आरोपी ने कार को धीमा किया तो वह कार से कूदकर बचा। वहीं आरोपी कार के साथ भाग गया।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई गुरदेव सिंह ने कहा कि आरोपी की पहचान चंडीगढ़ के सेक्टर 20 निवासी ईशु ग्रोवर के रूप में हुई है। आरोपी को कार के साथ मंगलवार को अमृतसर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके पास से दो पिस्तौल भी बरामद हुए हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधि में शामिल था, तो उन्होंने बताया कि आरोपी चोरी में शामिल रहा है।