नए बस स्टैंड में फीस देकर खानापूर्ति कर रहे है बस चालकसंवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। करोड़ों की लागत से फेज-6 में बने बाबा बंदा सिंह बहादुर आईएसबीटी (इंटर-स्टेट बस टर्मिनल) में सिर्फ बस अड्डा फीस देने के लिए निकलती है। कई बार अधिकतर बसें बस अड्डे के बाहर से चली जाती हैं। इस कारण लोगों को परेशानी होती है। कुछ सरकारी बसें अब भी पुराने फेज-8 बस स्टैंड से सवारियां उठा रही हैं। इसके अलावा निजी कंपनियों की बसें भी हैं, जो पुराने बस स्टैंड से चल रही हैं। क्योंकि नया आईएसबीटी महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर है। यात्रियों को अब भी फेज-8 जाना पड़ता है। आईएसबीटी में बसों के न आने से सवारियों को काफी मुश्किल हो रही है।बता दें कि राज्य सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए फेज-6 में करोड़ों रुपये की लागत से मॉडल एसी बस स्टैंड बनाया है। प्रशासन के ढीले रवैये के कारण प्रोजेक्ट कामयाब नहीं हो सका है। निजी बस ऑपरेटर नए बस स्टैंड तक बसें नहीं ले जाते हैं। इस कारण सवारियां मजबूरी में फेज-8 के खुले ग्राउंड में बस का इंतजार करती हैं। वहीं गमाडा भी अवैध तरीके से चल रहे इस बस अड्डे पर कुछ नहीं कर रहा है। गमाडा ने फेज 8 पुराने बस स्टैंड को तोड़कर उस साइट पर तार लगाए थे। बस ऑपरेटरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने गमाडा की खाली जगह को बस स्टैंड बना डाला।
फेज-3ए और फेज-2 से निजी बसें भर रहीं सवारियां
मोहाली के फेज-3ए और फेज-2 इलाके से प्राइवेट बसों का संचालन बढ़ गया है, जहां यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। इन क्षेत्रों से प्राइवेट बसें अधिकतर चंडीगढ़, पटियाला, लुधियाना, और अमृतसर जैसे शहरों के लिए चलती हैं। कुछ समय में इन बसों में यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है, क्योंकि आईएसबीटी में कम ही बसें जाती हैं। इन इलाकों से बसों में सवारियां उठाने से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि आईएसबीटी का संचालन सही ढंग से शुरू किया जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके।