मोहाली। ज्वेलर एसोसिएशन मोहाली के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान सरबजीत सिंह पारस की अगुवाई में एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग से मुलाकात कर सुरक्षा के लिए ज्ञापन सौंपा। पत्र में पंजाब के ज्वेलर्स और सर्राफा व्यापारियों के साथ हो रही लूट, डकैती, कत्ल के संबंध में सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए जाने की मांग की। ज्वेलर एसोसिएशन के प्रधान सरबजीत सिंह पारस ने बताया कि समाज विरोधी तत्वों द्वारा पिछले समय पंजाब में ज्वेलर्स की दुकानों और सराफा व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है और योजनाबद्ध तरीके से लूट की जा रही है। पंजाब के मौजूदा माहौल में ज्वेलर्स और सर्राफा व्यापारी दहशत और डर के माहौल में व्यापार कर रहे हैं। इस डर और भय के माहौल में सर्राफा व्यापारियों की आने वाली पीढ़ी यह काम करने को तैयार नहीं है और काम छोड़ रही है। उन्होंने मांग की इस काम के भविष्य को बचाने के लिए सर्राफा व्यापारियों के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाए।