जीरकपुर। पीआर-7 रोड पर सुषमा जॉइनस्ट सोसाइटी के निवासी 12 दिन से बिजली और पानी की भारी समस्या से जूझ रहे हैं। नाराज लोगों ने शनिवार को एकजुट होकर बिल्डर के सेल्स ऑफिस को ताला जड़ दिया। इस दौरान लोगों ने सेल्स ऑफिस के बाहर जमकर नारेबाजी भी की। लोगों का आरोप है कि बिल्डर ने बिजली विभाग का बकाया बिल जमा नहीं किया।
इस कारण 2 मार्च को सोसाइटी की बिजली सप्लाई काट दी थी, इसका खामियाजा अब करीब 600 परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। निवासियों का कहना है कि बिल्डर ने घरों में प्रीपेड मीटर लगाकर पहले ही बिजली के रुपये वसूल लिए थे, इसके बावजूद विभाग का बिल जमा नहीं कराया गया। फिलहाल पूरी सोसाइटी जनरेटर के सहारे चल रही है, लेकिन तीन में से दो जनरेटर खराब पड़े हैं। एक ही जनरेटर बार-बार बंद हो जाता है, इससे बिजली के साथ-साथ पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। बिजली विभाग का बकाया बढ़कर करीब 29 लाख हो गया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो हाईवे जाम कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सुषमा के बिल्डर प्रतीक मित्तल और भरत मित्तल इस मामले में सामने आने से बच रहे हैं।