मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर रोका, विरोध करने पर टखने के पास मारी गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली/खरड़। लांडरां-खरड़ रोड पर खानपुर अंडरपास के पास लूटपाट का विरोध करने पर बाइक सवार दो बदमाशों ने बीटेक छात्र को गोली मारकर उसको घायल कर दिया। बदमाश उसकी सोने की अंगूठी छीनकर भाग गए। वारदात 12/13 अक्तूबर की मध्यरात्रि करीब साढ़े 12 बजे ओमेगा सिटी की ओर जाने वाले लिंक रोड पर हुई। घायल छात्र को पहले सिविल अस्पताल खरड़ ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। खरड़ सिटी पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के माधापुर गांव निवासी शिवम के रूप में हुई है। वह सीजीसी झंजेरी में बीटेक प्रथम सेमेस्टर का छात्र है और खरड़ की मद्रान वैली में किराए के फ्लैट में रहता है।
पता पूछने के बहाने रोका, फिर छीन ली अंगूठी
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, शिवम दर्पण ग्रीन में अपने एक दोस्त से मिलकर फ्लैट लौट रहा था। रात करीब 12.30 बजे जब वह खानपुर अंडरपास के पास पहुंचा तो मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसके पास आए। मोटरसाइकिल चला रहे युवक ने उससे पता पूछा। शिवम ने अपना पता बताने से इन्कार किया तो पीछे बैठा पगड़ीधारी युवक मोटरसाइकिल से उतरा और उसके हाथ से सोने की अंगूठी छीन ली। इसी दौरान दूसरे आरोपी ने पिस्टल निकालकर उसे धमकाया। शिवम ने जब लूट का विरोध किया तो आरोपियों में से एक ने गोली चला दी। गोली उसके दाहिने पैर में टखने के पास लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर अंगूठी लेकर मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।
राहगीर ने अस्पताल पहुंचाया, इलाज के बाद घर लौटा छात्रगोली लगने के बाद घायल छात्र को एक राहगीर सिविल अस्पताल खरड़ लेकर पहुंचा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीएमसीएच-32, चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। बाद में उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने 13 अक्तूबर को मद्रान वैली स्थित उसके फ्लैट पर पहुंचकर बयान दर्ज किया। बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज खरड़ सिटी पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) और 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के इलाकों में आरोपियों की पहचान से जुड़े सुराग तलाश रही है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस लूटपाट के घटनाक्रम और हमलावरों के फरार होने के रास्ते की जांच कर रही है।