लांडरां/बनूड़। शहर के बैरियर के पास स्थित हाउसफेड परिसर के फ्लैट में वीरवार की रात 21 वर्षीय बीटेक प्रवासी छात्र ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष किरपाल सिंह मोही ने बताया कि वीरवार की रात करीब सवा 11 बजे बनूड़ बैरियर के पास स्थित हाउसफेड परिसर से फोन आया कि एक युवक ने पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी है। सूचना पर जांच अधिकारी एएसआई जसविंदर पाल के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और देखा कि एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में नीचे पड़ा था। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक युवक की पहचान उसामा बिन नासिर पुत्र एमडी नासिर खान निवासी मणिपुर के रूप में हुई है। जो चंडीगढ़ विश्वविद्यालय घड़ूआं में बीटेक का छात्र था और पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। वीरवार की रात वह हाउसफेड कांप्लेक्स में दोस्त से मिलने आया था। मानसिक परेशानी के चलते उसने पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक के चचेरे भाई के बयान पर धारा-174 के तहत केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल में करवाकर वारिसों को सौंप दिया गया है।