डेराबस्सी। गांव भांखरपुर व मुबारिकपुर रोड़ पर स्थित गांव त्रिवेद्वी कैंप मेन बाजार के बाहर कैंटर की चपेट में आकर बिजली के तार टूट कर वहां से गुजर रहे युवक व युवती पर गिर गए। इससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों की पहचान तान्या (25) निवासी मुबारिकपुर व बबलू (32) निवासी मुबारिकपुर के तौर पर हुई है। दोनों घायलों को गंभीरावस्था में डेराबस्सी के सिविल अस्पताल ले जाया गया। बबलू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ सेक्टर-32 के अस्पताल में रेफर कर दिया गया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब सवा आठ बजे गांव भांखरपुर से मुबारिकपुर जा रहा कैंटर जब गांव त्रिवेद्वी कैंप मेन बाजार के बाहर पहुंचा तो सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को चपेट में आ गया। लोगों ने बताया कि तारें गिरने से झुलसे घायलों में तान्या गांव त्रिवेद्वी कैंप में जनरल स्टोर पर काम करती थी, जो दुकान बंद होने के बाद आपनी माता के साथ घर जा रही थी। इस हादसे में उसकी माता बाल-बाल बच गई। इसी तरह बबलू गांव त्रिवेद्वी कैंप में ज्वेलर की दुकान चलाता है, वह दुकान बंद करके एक्टिवा पर घर जा रहा था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पावरकॉम के अधिकारियों को सूचित कर दिया था लेकिन खबर लिखे जाने तक वह मौके पर नहीं पहुंचे थे।