जीरकपुर। ढकोली के कृष्णा एनक्लेव कॉलोनी के म्यूनिसिपल पार्क में लगे बेंच लंबे समय से टूटे पड़े हैं। इससे सुबह-शाम टहलने आने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे आराम करने के लिए बेंच का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि पार्क की नियमित देखरेख नहीं हो रही है। कई बेंचों की लकड़ियां और लोहे के हिस्से टूट चुके हैं। कुछ बेंच इतने क्षतिग्रस्त हैं कि उन पर बैठना खतरनाक है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रखरखाव के अभाव में पार्क की सुविधाएं दम तोड़ रही हैं। सुबह की सैर पर आने वाले बुजुर्गों को चोट लगने के डर से खड़े होकर ही समय बिताना पड़ता है। पार्क में आने वाले परिवार बच्चों को टूटे बेंचों से दूर रहने की हिदायत देते हैं, ताकि कोई हादसा न हो।
मेरी ओर से इस संदर्भ में अधिकारियों को शिकायत दर्ज करवाई जा चुकी है, जिस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। यहां पर बेंच टूटे होने की वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को देखना चाहिए कि पार्क में सैर करने के बाद अक्सर बैठने के लिए लोग जगह ढूंढते हैं, लेकिन अगर बेंच ही टूटे हुए मिले तो वो पार्क आना बंद कर देते हैं। -हरप्रीत कौर, निवासी, ढकोली।
ढकोली में रहने वाली हजारों की आबादी के पास कृष्णा एनक्लेव कालोनी का म्यूनिसिपल पार्क हैं, जिसमें सुबह और शाम को टहलने या सैर करने जाते हैं। परंतु यहां पर बैठने के लिए रखे टूटे बेंचों की वजह से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। - अमित भार्गव, निवासी, ढकोली।
अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं और जल्द ही यहां पर टूटे हुए बेंचों को हटाकर नए लगवा दिए जाएंगे। -परविंदर सिंह भट्टी, ईओ, जीरकपुर नगर परिषद।