संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वीरवार को फेज-7 स्थित वॉटर वर्क्स विभाग में बूस्टर और वाटर टैंकों की सफाई की। इस मौके पर विशेष रूप से नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू पहुंचे और उन्होंने स्वयं सफाई कार्य का निरीक्षण किया। पार्षद अनुराधा आनंद ने बताया कि हाल ही में वार्डवासियों की ओर से गंदे पानी की शिकायतें मिल रही थीं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मेयर के सहयोग से विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद सफाई का कार्य आरंभ किया गया। समाजसेवी जतिंदर आनंद टिंकू ने कहा कि वार्डवासियों की चिंताओं को मेयर के समक्ष रखा था। आज इसका नतीजा सफाई कार्य के रूप में सामने आया है।मेयर ने निरीक्षण के दौरान कहा कि बरसात के मौसम में अक्सर पानी के गंदला होने की शिकायतें आती हैं। हालांकि इसका कारण सीवरेज का पानी नहीं है। उन्होंने बताया कि ओवरहेड टैंक और वॉटर बूस्टर सेंटर की सफाई कराई जा रही है ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। मेयर ने अपील की कि सफाई कार्य के चलते जलापूर्ति कुछ समय के लिए प्रभावित हो सकती है, इसलिए नगर निगम और जन स्वास्थ्य विभाग को पूरा सहयोग दें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि नगर निगम हर निवासी तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम कर रहा है।