लालड़ू। वार्ड नंबर चार से लापता 15 वर्षीय छात्र की सरसीणी गांव की कृत्रिम झील में डूबकर मौत हो गई। विशाल सरकारी सीनियर सेकंडरी स्मार्ट स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। सोमवार सुबह स्कूल जाने की बजाय वह झील पर पहुंच गया। पैर फिसलने से उसमें डूब गया। उसका शव अगले दिन पानी की सतह पर मिला। लालड़ू पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अफसर एएसआई जगतार सिंह ने बताया मृतक विशाल कुमार पुत्र सुरिंदर पाल वासी वार्ड नंबर-4, हरदेव नगर लालड़ू मंडी सोमवार सुबह बैग लेकर स्कूल के लिए निकला था लेकिन वह स्कूल नहीं गया। स्कूल वालों ने घर में सूचित किया परंतु जब शाम तक विशाल घर नहीं पहुंचा तो उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को गई। अगले दिन करीब 11 बजे सरसीणी के सरपंच ने फोन करके बताया कि एक छात्र का शव झील में है। वह स्कूल की वर्दी पहने है। उसके जूते झील के बीच ब्रिज पर मिले हैं। बैग नहीं मिला है। स्कूली वर्दी से उसकी शिनाख्त विशाल के रूप में हुई। पिता एक प्राइवेट फैक्टरी में नौकरी करते हैं। विशाल दो भाइयों में बड़ा था। डेराबस्सी सिविल अस्पताल में उसके शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे वारिसों के हवाले कर दिया है।