मोहाली। सीमा पर भारत-पाकिस्तान की जबरदस्त जंग के मद्देनजर जिले में वीरवार रात को करीब 9.30 बजे ब्लैकआउट रहा। कुछ समय तक ब्लैकआउट का असर कम देखने को मिला लेकिन इसके बाद पूरे तरह शहर और जिले में ब्लैकआउट रहा। देर रात तक जिला अंधेरे के आगोश में रहा। तनाव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी सरकारी, प्राइवेट स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र तीन दिन के लिए बंद रहेंगे।
इसके अलावा जिले को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है। ब्लैकआउट के दौरान लोग एक दूसरे से मोबाइल पर बात करते नजर आए। हर कोई अपने रिश्तेदार, दोस्तों और पड़ोसियों के हालचाल पूछते नजर आए। ब्लैकआउट का असर करीब तीन घंटे तक नजर आया। प्रशासन ने अफवाह नहीं फैलाने की अपील की है। शहर में ट्रैफिक बेधड़क चलता नजर आया। इस दौरान एयरपोर्ट रोड पर ड्रोन अटैक की सूचना पर लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का आलम था।
जयपुर सोसाइटी में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान व कमेटी सदस्य घर-घर जाकर लाइट बंद करवाते नजर आए। वीआईपी रोड और मार्केट में पुलिस कर्मचारी जल रही लाइटों को बंद करवाते नजर आए। सोसाइटियों के मेन गेट बंद कर दिए गए। लोगों ने स्विगी और जोमेटो के आर्डर कैसिंल करा दिए। पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि कोई भी आर्डर या डिलिवरी बॉय को सोसाइटियों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।