लालड़ू। भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने नगर काउंसिल लालड़ू की नई वार्डबंदी पर अधिकारियों को लिखित पत्र देकर आपत्ति दर्ज करवाई है। जिला भाजपा मोहाली के अध्यक्ष सुशील राणा, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, राज्य कार्यकारिणी सदस्य सोम चंद गोयल, एडवोकेट राजेश राणा, गुरमीत सिंह टिवाना, प्रितपाल सिंह व अमरीक सिंह ने कहा कि मौजूदा वार्डबंदी अधिनियम और नियमों को ताक पर रखकर राजनीतिक लाभ लेने के लिए की गई है जोकि कानूनी रूप से मान्य नहीं है। इसलिए इस नई वार्डबंदी को ठीक किया जाए या फिर पुरानी वार्डबंदी को ही लागू किया जाए।
जब नगर काउंसिल की सीमा में कोई विस्तार नहीं हुआ है तो नई वार्डबंदी करना उचित नहीं है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि नई वार्डबंदी में मुख्य मार्ग और रेलवे लाइन को भी ध्यान में नहीं रखा गया। लेकिन इसमें स्थानीय कांग्रेसी नेताओं की सुविधाओं का ध्यान पूरा ध्यान रखा गया है। वार्डबंदी में नियमों की धज्जियां उड़ाई गई हैं, जिसका भाजपा द्वारा सख्त विरोध किया जाता है।