मोहाली। अकाली दल से अलग होकर भारतीय जनता पार्टी नगर निगम चुनाव में पहली बार 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। लेकिन नामांकन प्रक्रिया से पहले ही भारतीय जनता पार्टी की मुश्किल बढ़ गई है। पार्टी की तरफ से शाहीमाजरा के वार्ड नंबर 43 से उम्मीदवार के रूप में उतारी गई राजिंदर कौर और उनके परिवार के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। जैसे ही यह मामला सामने आया, भाजपा नेताओं में इस बात को लेकर मंथन हो रहा है। सोमवार को इसी मामले को लेकर भाजपा नेता जिला निर्वाचन अधिकारी से मिलेंगे और उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी इस संबंधी उचित एक्शन लेगी।
जानकारी के मुताबिक शाहीमाजरा निवासी राजिंदर कौर को भाजपा ने वार्ड-43 से उम्मीदवार के रूप में उतारने का फैसला लिया था। महिला उम्मीदवार ने शनिवार को अपना नामांकन दाखिल करने की तैयारी की थी। इसी बीच जब वह वोट सूची देखने लगीं तो उनके होश उड़ गए। क्योंकि उनका और उनके परिवार का नाम वोटर सूची में था ही नहीं। जबकि वह कई साल से इलाके में रह रही हैं। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पार्टी के सीनियर नेताओं को दी। वहीं, अब भाजपा ने इस मामले का पूरा रिकॉर्ड इकट्ठा कर लिया है। पुरानी मतदाता सूची में उनका नाम है। वहीं, इस मामले में राजिंदर कौर ने बताया कि वह कई साल से शाहीमाजरा में रह रही हैं। उनके परिवार के चार सदस्य हैं और चारों के नाम सूची से गायब हैं। उन्होंने बताया कि यह पूरी कार्रवाई एक योजना के तहत की गई है। वह इस मामले में रविवार को अधिकारियों से मिलने गई थी। लेकिन दफ्तर बंद था। सोमवार को वह इस मामले में अधिकारियों से मिलेंगी और अगर इस संबंधी कार्रवाई नहीं हुई तो वह इसके लिए संघर्ष तेज कर करेगी।