मोहाली। खरड़ से चंडीगढ़ लौट रहे एक बाइक सवार को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में दीपक कुमार गुप्ता (34) निवासी पलसोरा चंडीगढ़ ने बताया कि वह 7 सितंबर 2025 को अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। शाम करीब 4 बजे जब वह केएफसी फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही एक पिकअप ने ओवरटेक कर अचानक ब्रेक लगा दी।
इस कारण उसकी बाइक पिकअप से टकरा गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसकी बांह समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई है। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। चालक ने अपना नाम आमिर खान बताया था। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से घायल को सिविल अस्पताल फेज-6 मोहाली और फिर सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच रेफर किया गया। बाद में उसने निजी अस्पताल में इलाज करवाया। थाना बलौंगी पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।