मोहाली। ओल्ड अमरटेक्स चौक के पास वीरवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सेक्टर-56 निवासी मयंक कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद कार चालक घायल युवक को अस्पताल लेकर गया, लेकिन भर्ती करवाने के बाद वहां से भाग गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मयंक कुमार वीरवार सुबह रोजाना की तरह बाइक पर अपने काम के लिए निकला था। सुबह करीब सात बजे जब वह ओल्ड अमरटेक्स चौक के नजदीक पहुंचा, तभी तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मयंक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार चालक घायल युवक को तुरंत फेज-6 स्थित अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां भर्ती करवाने के बाद वह बिना किसी को जानकारी दिए मौके से भाग गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मयंक को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को कार का नंबर मिल गया है, जिसके आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।