जीरकपुर। गाजीपुर रोड पर रविवार रात एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल पर जा रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल चालक समेत दो लोग गंभीर जख्मी हो गए। हादसा सड़क के बीच लगे वृक्ष में मोटरसाइकिल टकराने के कारण हुआ है। पुलिस ने लाश कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अलाउद्दीन शाह निवासी गाजीपुरा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक राज मिस्त्री का काम करने वाले जीजा अर्जुूबल अलाउद्दीन और साला अलाउद्दीन शाह बीती रात मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। रात करीब साढ़े 9 बजे वह हाईवे पर स्थित होटल वेस्टर्न मैरीलैंड के पिछली तरफ रोड से गाजीपुर जा रहे थे। मोटरसाइकिल मजीह चला रहा था और उसने हेलमेट पहन रखा था जबकि पीछे बैठे अलाउद्दीन ने हेलमेट नहीं पहना था। रास्ते में विश्रांती सिटी के पास सड़क के सामने आ रही एक गाडी की रोशनी आंखों में पड़ने से बाइक असंतुलित होकर पहले पैदल जा रहे मोहम्मद मर्जुदिल शाह से टकराई। इसके बाद चालक नीचे गिर गया और मोटरसाइकिल सड़क के बीच लगे पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर जख्मी हो गए। इन्हें जीएमसीएच-32 में दाखिल करवाया गया जहां पहुंचने पर अलाउद्दीन शाह की मौत हो गई जबकि जीजा और राहगीर की हालत नाजुक बनी हुई है। जांच अधिकारी एसएचओ गुरवंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
सड़क चौड़ी की पर बीच में आते पेड़ नहीं काटने से हो रहे हादसे
लोगों का कहना है कि नगर काउंसिल ने बीते दिनों सड़कों को चौड़ा किया था। इस दौरान रास्ते में आ रहे पेड़ों की कटाई नहीं की, जिस कारण सड़क के बीच खड़े पेड़ हादसों का कारण बन रहे हैं। इससे पहले भी कई बार सड़क के बीच पेड़ों के कारण हादसे हो चुके हैं, इसके बावजूद काउंसिल अधिकारी ध्यान नहीं देते।