लालड़ू। दप्पर टोल प्लाजा के निकट हनुमान मंदिर के पास एक कंटेनर ट्राला की चपेट में आ जाने के कारण एक बाइक चालक महिला की मौत हो गई। महिला ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। पुलिस ने कंटेनर को अपने कब्जे में लेकर फरार कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लैहली पुलिस ने बताया कि सुरिंदर कौर (45) पत्नी उजागर सिंह निवासी मीरपुर डेराबस्सी जो कि फोकल प्वाइंट डेराबस्सी में प्राइवेट नौकरी करती है। शाम को अपनी बाइक पर बहन के घर प्रोग्राम के लिए गांव अलाना, थाना शंभू, पटियाला जा रही थी। उसके पीछे दूसरी बाइक पर उसका बेटा व दामाद भी जा रहे थे। जैसे ही महिला दप्पर टोल प्लाजा के निकट हनुमान मंदिर के सामने पहुंची तो एक कंटेनर ट्राले की चपेट में आ जाने के कारण गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल डेराबस्सी पहुंचाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत देखते हुए जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, लेक्नि अस्पताल पहुंचने से पहले महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मतृका के बेटे शौंकी के बयान पर फरार कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में लगी है।