भोजपुरी दबंग्स क्रिकेट टीम के मालिक आनंद बिहारी यादव को न्यायिक हिरासत में भेजाजीरकपुर के पीरमुछल्ला निवासी मुक्तेश दीवान से 4.15 करोड़ रुपये ठगने का है आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। ढकोली पुलिस के पास रिमांड पर चल रहे भोजपुरी दबंग्स क्रिकेट टीम के मालिक आनंद बिहारी यादव को अदालत ने वीरवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने अदालत में पेशी के दौरान आरोपी का रिमांड नहीं मांगा। इसके चलते अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
आरोपी आनंद बिहारी यादव ने शिकायतकर्ता मुक्तेश दीवान के साथ अविका एयरलाइंस में हिस्सेदारी देने के नाम पर 4.15 करोड़ रुपये की ठगी की थी। इसके आरोप में पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के एक होटल से गिरफ्तार किया था और अब तक वह पुलिस रिमांड पर ही चल रहा था। जानकारी के मुताबिक मुक्तेश दीवान के अलावा कई लोग उसकी ठगी का शिकार हुए हैं जो जल्द सामने आ जाएंगे। शिकायतकर्ता मुक्तेश ने बताया की आनंद अक्सर राम विलास यादव को अपनी सगी बुआ का दामाद बताकर लोगों को झांसे में लेकर उनपर इन्वेस्टमेंट का दबाव बनाता था और बोलता था कि शिवपाल यादव के 200 करोड़ रुपये, राम विलास यादव के 2500 करोड़ और समाजवादी पार्टी के नेताओं के 35 हजार करोड़ रुपये उसने नेपाल में लगाए हुए हैं। मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता, बड़े नेताओं और सेलिब्रेटी के साथ फोटो दिखाकर लोगों को अक्सर डराता और झांसे में लेकर ठगता रहता है।
पार्टनर पर दबाव बनाने को आईजी के पास ले जाता था : मुक्तेश
ठगी के इस मामले में पीड़ित मुक्तेश दीवान ने बताया कि आरोपी आनंद बिहारी यादव ने पैसे के दम पर शिमला के आईजी विजिलेंस के साथ दोस्ती बना रखी थी। हमारे ऊपर दबाव बनाने के लिए वह एक दिन मुझे आईजी साहिब के बर्थडे पर ले गया था और इस दौरान हिमाचल पुलिस की गाड़ियां यादव की गाड़ी के साथ एस्कार्ट की गाड़ी भी जाती थी। यह सब दिखाकर ही वह लोगों को झांसे में लेकर लूटता था और पुलिस कार्रवाई न होने का डर भी दिखता था।