जीरकपुर। एकदम शांत रहने वाले मोहाली के शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को गेंदबाज अर्शदीप सिंह के स्वागत में उनके प्रशंसकों ने ढोल नगाड़ों के साथ भंगड़ा और गिद्दा डाला। ऐसा हो भी क्यों न? यह मौका ही जश्न का था। विश्व में अपना डंका बजाकर अपने घर लौटे थे टी-20 विश्व कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य अर्शदीप सिंह। ऐसे में उनके स्वागत के लिए यहां ढोल नगाड़े भी थे और फूल मालाएं भी। चारों ओर से आवाज आ रही थी पंजाब दा शेर आ गया। अर्शदीप के आने की खबर ट्राइसिटी में क्या फैली कि सभी अर्शदीप का स्वागत करने के लिए प्रशंसक इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उमड़ पड़े। एयरपोर्ट पर अर्शदीप सिंह की इंट्री हुई करीब सात बजे। जैसे ही वह मुख्य द्वार से बाहर आए तो उनका स्वागत उनके चाचा ने उनको हार पहनाकर किया। अर्शदीप के पिता दर्शन सिंह, माता बलजीत कौर के साथ बहन गुरलीन कौर के अलावा पिता और रिश्तेदारों ने उनको गले से लगा लिया। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की ओर से अर्शदीप के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट पर करीब एक हजार लोगों की भीड़ उनके स्वागत के लिए मौजूद रही। अर्शदीप का स्वागत करने के लिए मंत्री अनमोल गगन मान भी एयरपोर्ट पहुंच गईं थीं। उन्होंने दो मिनट अर्शदीप से बातचीत की और उनको विश्वकप जीतने की बधाई दी। यहां पर एसएसपी संदीप गर्ग, डीएसपी कुलजिंदर संधू और करीब दो सौ सिपाही मौजूद रहे।
इस मौके पर अर्शदीप सिंह के कोच जसवंत सिंह ने उनका स्वागत सिरोपे के साथ किया। इसके साथ ही उनको ऊपर तिरंगा डाला गया। अर्शदीप के बाहर आते ही लोग खुशी से नारे लगाने लगे। अर्शदीप के साथ ही क्रिकेट फैन रामबाबू भी आए थे। जसवंत सिंह ने कहा कि आज उनको बेहद गर्व महसूस हो रहा है कि अर्शदीप अब विश्व क्रिकेट के स्टार बन गए हैं।
एयरपोर्ट से खुली गाड़ी से निकले अर्शदीप
मोहाली के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से करीब 25 गाड़ियों के काफिले के साथ अर्शदीप सिंह खुली छत की गाड़ी में सवार थे। उनके आगे-आगे अर्शदीप की गाड़ी चल रही थी और उसके पीछे पीछे बाकी कारवां। जिधर से भी यह कारवां गुजर रहा था वहां सड़क के दोनों ओर भीड़ लग रही थी। अर्शदीप एयरपोर्ट से निकलकर फेज-11 गुरुद्वारे में गए और उसके बाद सोहाना में गुरुद्वारा श्री सिंह शहीदां में मत्था टेका।
किंग्स इलेवन पंजाब के सीईओ पहुंचे
अर्शदीप का स्वागत करने के लिए मोहाली एयरपोर्ट पर पंजाब किंग्स इलेवन के सीईओ सतीश मेनन और एलसी गुप्ता भी यहां पहुंचे थे। उन्होंने अर्शदीप का स्वागत किया और उनको बधाई दी। इस मौके पर सभी ने उनके बेहतरीन कैरियर के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रशंसकों ने की बैरियर तोड़ने की कोशिश
मोहाली में अर्शदीप का स्वागत करने पहुंची प्रशंसकों की भीड़ को देखते हुए यहां सुरक्षा का इंतजाम कर दिया गया था। जिसके लिए यहां पर बैरियर लगाए गए थे। पुलिस वालों के साथ ही यहां बाउंसर और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान मौजूद रहे। इतना ही नहीं, एयरपोर्ट से आने वाले और जाने वाले कई विजिटर्स अर्शदीप को देखकर रुक गए थे। जिसकी वजह से यहां करीब एक हजार लोगों की भीड़ जमा हो गई थी और भीड़ ने उनके पास तक पहुंचने के लिए बैरियर की कोशिश तक की।