मोहाली। बरगाड़ी बेअदबी मामले की सुनवाई बुधवार को सीबीआई की विशेष अदालत में हुई। इस दौरान अदालत में पंजाब सरकार नेे दो अर्जियां दायर कीं। वहीं जांच एजेंसी सीबीआई ने भी एक अर्जी दायर की। सरकार ने अदालत में दायर की गई एप्लीकेशन में बताया है कि भले ही अदालत ने निचली अदालत को सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट की कॉपी देने के आदेश दिए थे लेकिन अभी तक इसकी कॉपी सरकार को नहीं मिली है।
सरकार ने दूसरी अर्जी में कहा कि केस से संबंधित दस्तावेज जिला एवं सेशन जज फरीदकोट की अदालत में भेजे जाएं। अदालत ने सभी पहलुओं पर विचार करते हुए केस की सुनवाई के लिए अगली तारीख 20 नवंबर निश्चित कर दी है। दूसरी ओर सीबीआई के जांच अधिकारी अनिल कुमार यादव ने गत पेशियों पर सीबीआई की कारगुजारी बारे ऐतराजों संबंधी लिखित रूप में अपना पक्ष पेश करते हुए कहा कि उच्च अदालत ने एजेंसी को जांच के आदेश नहीं दिए बल्कि पंजाब सरकार की अपील पर ही जांच शुरू की थी।
सरकार व सीबीआई को रिपोर्ट की कॉपियां दें पर शिकायतकर्त्राओं को नहीं : हरबंस सिंह
रामपुरा फूल के पूर्व विधायक हरबंस सिंह जलाल बुधवार को दोबारा अदालत में पेश हुए। उन्होंने भी दो अर्जियां अदालत में दाखिल की गई। रोचक बात यह रही कि जलाल ने अपनी अर्जियों पर लिख दिया कि इनकी कॉपियां भले ही पंजाब सरकार व सीबीआई को दे दी जाएं लेकिन शिकायतकर्ताओं के वकील गगनप्रदीप सिंह बल को न दी जाएं।
शिकायतकर्ता बोले- सरकार केस को जानबूझकर लटका रही
शिकायतकर्ता रणजीत सिंह बुर्ज सिंह वाला व ग्रंथी गोरा सिंह के वकील गगनप्रदीप सिंह बल ने अदालत में एक बार फिर कहा कि पूर्व विधायक हरबंस सिंह जलालपुर का इस केस से कोई लेना-देना नहीं है। वे सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने के लिए केस को उलझा रहे हैं। उन्होंने पंजाब सरकार पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर सरकार को क्लोजर रिपोर्ट की कॉपी नहीं मिली थी तो सरकार को चाहिए था कि अदालत में दोबारा अर्जी उसी समय दायर करती लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया। सरकार जानबूझ कर इस केस को लटका रही है।