बनूड। नगर काउंसिल बनूड़ के एरिया की हदबंदी बढ़ने से जहां लोगों को फायदा होगा। वहीं, उनकी सुख सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा नगर काउंसिल का दर्जा भी बढ़ जाएगा। इससे नगर काउंसिल बनूड़ ग्रेड-सी से बी में पहुंच गई है। इस संबंधी अधिवेशन जारी होने के साथ ही शराब फैक्टरी, शैलर और अन्य प्रोजेक्ट नगर परिषद के दायरे में आ गए हैं। विभाग को किसी से आपत्ति नहीं मिलने के कारण हदबंदी बढ़ाने को मंजूरी दे दी गई है। बढ़ी हुई सीमा के तहत राजस्व विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज सीमा संख्या 280 के तहत बनूड़ का पूरा क्षेत्र अब नगर परिषद के दायरे में आ गया है। नई सीमाओं के मुताबिक बनूड़ के उत्तर में मोटेमाजरा, तंगौरी, सेखन माजरा और कुरड़ा, पूर्व में कराला, खानपुर खद्दर, दक्षिण में धर्मगढ़, चंगेरा और पश्चिम में जंगपुरा, नंडियाली, कलोली आदि क्षेत्र अब नगर परिषद के अधिकार क्षेत्र में हैं। अधिकारियों ने बताया कि कि सीमा में बढ़ोतरी से सालाना 50 लाख रुपये से अधिक प्रॉपर्टी टैक्स मिलेगा।