डेराबस्सी। पावन दूज पर श्री बावा लाल मंदिर, श्री बावा लाल नगर, धनोनी रोड, डेराबस्सी में शुक्रवार को भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यमुनानगर से पधारे महंत श्री बालकृष्ण शास्त्री ने मंदिर में पहुंचकर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। उनके आगमन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में रंग गया और जय-जय श्री बावा लाल दयाल जी के जयकारों से माहौल गूंज उठा। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में तांता लगा रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:00 बजे भजन-कीर्तन से हुई। इसमें भजन मंडली ने बावा लाल दयाल की महिमा का गुणगान किया। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर भजनों का आनंद लेते रहे। इसके उपरांत महंत श्री बालकृष्ण शास्त्री जी ने अपने प्रेरणादायक प्रवचनों से उपस्थित संगत को धर्म, सेवा, प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों में आपसी भाईचारा मजबूत होता है।