मोहाली। ऑनलाइन साइट्स पर शातिरों द्वारा ठगी करने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब बीटेक कर रहे एक छात्र से ठगी का मामला सामने आया है। इससे आहत होकर जुझार नगर में एक छात्र ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक की पहचान सागर कुमार के रूप में हुई है और वह बनूड़ स्थित कॉलेज में पढ़ता था। सागर दो बहनों का इकलौता भाई था।
मृतक के पिता रविन्द्र कुमार ने बताया कि उसके दोस्तों से पता चला कि सागर कुछ दिनों से स्मार्टफोन लेने की ताक में था। उसकी ओएलएक्स पर स्मार्टफोन संबंधी किसी व्यक्ति से डील हो रही थी। फोन बेचने वाले व्यक्ति ने खुद को भारतीय सेना का जवान बताया और 20 हजार रुपये की कीमत वाला फोन उसे 5500 रुपये में देने की बात कही। सागर को विश्वास में लेने के लिए उस शातिर ने अपने जाली पहचान पत्र, आर्मी की कैंटीन का कार्ड आदि के फोटोग्राफ भी भेजे। बाद में जब सागर को यकीन हो गया तो उसने पैसे मंगवाये तथा फिर कभी फोन भेजने के चार्जिज आदि मंगवाता रहा। ऐसा करके फोन की कीमत से कहीं ज्यादा पैसे वह शातिर सागर से मंगवा चुका था। सागर ने अपने दोस्तों से पैसे उधार लेकर भेजे थे और पैसे भेजने के बाद भी उसे फोन नहीं मिला। इसी ठगी की वजह से सागर टेंशन में रहा और उसने घर की पहली मंजिल पर पंखे से फंदा लगाकर आत्म हत्या कर ली। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को भी सूचना दे दी है।
संपर्क करने पर पुलिस स्टेशन बलौंगी के एसएचओ इंस्पेक्टर मनफूल सिंह ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलने पर लाश का पोस्टमार्टम करवाकर लाश परिजनों को सौंप दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।