नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करने लिए डीएसपी डेराबस्सी अर्शदीप सिंह के नेतृत्व में गांव त्रिवेद्वी कैंप के सरकारी स्कूल में जागरूकता शिविर लगाया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों के अलावा गांव के लोग व बच्चों के माता-पिता भी मौजूद थे। थाना प्रभारी तरलोचन सिंह ने विशेष तौर पर शिरकत की।
इसमें स्कूल कॉलेज के विद्यार्थियों को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने का पाठ पढ़ाने के अलावा बच्चों को अपने आस-पास नशा बेचने वालों की तुरंत सूचना देकर सहयोग करने की अपील की। डीएसपी ने कहा कि बच्चे देश का उज्जवल भविष्य होते हैं, इन्हें बचपन से ही बुरी संगतों से दूर रखने की जिम्मेदारी पूरे समाज की है। थाना प्रभारी तरलोचन सिंह ने कहा कि नशा एक ऐसी दलदल है, अगर समय रहते इस पर ध्यान न दिया गया तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
इस दलदल में कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं। अपील करते हुए कहा कि वह गुप्त तौर पर पुलिस को नशे बेचने वाले की सूचना देकर सहयोग कर सकते हैं। नशा बेचने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों को अपने गांव में प्रमुख रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया, इससे गांव में आने-जाने वाले हर शख्स पर कड़ी नजर रखी जा सकती है।