मोहाली। बलौंगी में रविवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय अभि के रूप में हुई है, जो बलौंगी की गली-8 का रहने वाला था। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश और रुपयों के विवाद से जुड़ा सामने आ रहा है। बलौंगी पुलिस ने इस मामले में तीन सगे भाइयों सहित सात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। खरड़ के डीएसपी ईशान सिंगला ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि अभि पर विरोधी गुट के लोगों ने हमला किया था। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह और हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
अभि का तीन सगे भाइयों (अनिल, छोटू व उनका छोटा भाई) के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पैसे लौटाने को लेकर फोन बातचीत हुई थी। आपस में मिलने का स्थान बलौंगी सब्जी मंडी तय किया गया था। दूसरा पक्ष तय स्थान पर नहीं पहुंचा।
इसके बाद अभि खुद अनिल और उसके भाइयों से मिलने आजाद नगर मंदिर पहुंचा। वहां दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अभि पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों सगे भाई और चार अन्य अज्ञात शामिल थे। आरोप है कि आरोपियों ने अभि की छाती में लगातार चार वार किए। वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद घायल अभि को उसका चचेरा भाई लोगों की मदद से अस्पताल लेकर गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही बलौंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। डीएसपी ईशान सिंगला ने बताया कि पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।