मोहाली। डेराबस्सी में छह दिसंबर को विदेश में बैठे लाला बेनिपाल के इशारे पर पांच युवकों पर फायरिंग करने के आरोप में सीआईए मोहाली ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, चौथा आरोपी लाला बेनिपाल का भाई हरिंदर सिंह फरार है। बता दें कि रंजिश के चलते युवकों पर फायरिंग करवाई गई थी। आरोपियों से दो पिस्टल (.32 बोर) व पांच कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान राजविंदर सिंह, जगतार सिंह उर्फ लब्बू दोनों निवासी गांव महमदपुर व हरप्रीत सिंह उर्फ मक्खन निवासी गांव सैफदीपुर जिला पटियाला के रूप में हुई है। इन सबके खिलाफ छह दिसंबर को डेराबस्सी थाने में मामला दर्ज किया था। तीनों आरोपियों को इस मामले में नामजद कर लिया है। पुलिस की ओर से आरोपियों को डेराबस्सी कोर्ट में पेश किया गया जहां अदालत ने उन्हें सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि छह दिसंबर को वाल्मीकि बस्ती की धर्मशाला के पास साहिल, अभि, पाहवा, मनप्रीत, रोहन और अंकुश पर फायरिंग की गई थी। यह फायरिंग आपसी रंजिश के चलते विदेश में बैठे लाला बेनिपाल ने करवाई थी। लाला बेनिपाल का भाई हरिंदर सिंह इस मामले का मास्टरमाइंड था। लाला बेनिपाल अपने भाई हरिंदर को सपोर्ट करता है। उनकी वाल्मीकि बस्ती में रहने वाले साहिल व अभि के साथ पुरानी रंजिश है। सीआईए इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। चौथा आरोपी लाला बेनिपाल का भाई हरिंदर सिंह फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
क्या था मामला
छह दिसंबर की रात करीब 10 बजे आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। बाइक पर आए हमलावरों ने उक्त युवकों पर फायरिंग कर दी थी। सभी ने भाग कर अपनी जान बचाई थी। सीसीटीवी कैमरे में यह वारदात कैद हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज में बाइक नजर आई थी जिस पर आरोपी फरार हुए थे। आरोपियों ने इस वारदात से पहले रामदासिया मोहल्ले में भी फायरिंग की थी जिसमें राजविंदर सिंह का हाथ था।