चंडीगढ़। देश में इस समय में चंडीगढ़ लोकतंत्र की हत्या का केंद्र बन गया है। मेयर चुनाव में एक अधिकारी को धांधली करते देखा गया है। यह बात सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने प्रेसवार्ता में बुधवार को कही। उन्होंने कहा कि मेयर चुनाव में जो कुछ भी हुआ, यहां के ब्यूरोक्रेट पर भी सुप्रीम कोर्ट की नजर है। इस दौरान उन्होंने भाजपा को राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय मुद्दों पर घेरा। उनके साथ महिला प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष दीपा दुबे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी और तरुणा मेहता उपस्थित रहीं। अलका लांबा ने मेयर चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी की सरहाना की। उन्होंने भारत जोड़ो न्याय यात्रा और नारी न्याय है तैयार हम मुहिम के विजन के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार, सांसद स्मृति ईरानी और सांसद किरण खेर पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए दिल्ली में बंद कमरे में प्रधानमंत्री आवास पर भाजपा नेताओं की बैठक होने जा रही है कि देश का मुख्य चुनाव आयुक्त कौन होगा। उन्होंने कहा कि आखिर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी साक्षी मलिक और चंडीगढ़ मेयर चुनाव के घटनाक्रम पर चुप क्यों है। उन्हें देश से माफ़ी मांगनी चाहिए।
लोकसभा में महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ेगी
लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ संसदीय सीट पर कांग्रेस या आप का उम्मीदवार उतारे जाने के सवाल पर लांबा ने कहा कि यहां बैठ कर मैं और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तय नहीं कर सकते। पवन बंसल सीनियर नेता हैं। गठबंधन की बातचीत जारी है। स्क्रीनिंग होने वाली है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली के मसले अलग रखे जाने चाहिए। गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा लेकिन किसको कितनी सीट कहां से मिलेगी यह आने वाले 10 दिनों में तय हो जाएगा। गठबंधन के उम्मीदवार चुनाव में एक दूसरे को ताकत और सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि चुनाव में महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ेगी।
नारी न्याय अभियान पोस्टर तक सीमित नहीं : दीपा दुबे
चंडीगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने कहा कि नारी न्याय अभियान केवल पोस्टर तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि यह यात्रा पूरे चंडीगढ़ के घर घर तक की जाएगी। उन्होंने संसद में चंडीगढ़ की 3679 लापता महिलाओं की रिपोर्ट को आधार बनाते हुए कहा कि घर-घर जाकर उन सभी महिलाओं के बारे में पता किया जाएगा।
प्रशासन मेयर को हटाए : लक्की
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि प्रशासन को तत्काल मेयर को हटा देना चाहिए। भाजपा में नैतिकता नहीं बची है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मेयर के दफ्तर और गाड़ी का इस्तेमाल हो रहा है और बड़े अफसरों को मिला जा रहा, कार्यक्रमों में जाया जा रहा है, बुक्के दिए जा रहे हैं। वह सब गलत है।