मोहाली। धान खरीद अभियान के 10वें दिन वीरवार शाम तक जिले की मंडियों में कुल 7131 मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है, इसमें से 6734 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। डीसी कोमल मित्तल ने बताया कि अब तक किसानों को 12.61 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जो 48 घंटे की स्थिति के अनुसार 184 प्रतिशत का आंकड़ा दर्शाता है।
डीसी ने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में केवल सूखा धान ही लाएँ, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके और बिक्री में कोई देरी न हो। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस सीजन की खरीद प्रक्रिया को किसान-हितैषी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जिसमें समय पर ख़रीद, शीघ्र भुगतान और सुचारू उठान सुनिश्चित किया जा रहा है।