मनीमाजरा। आईटी पार्क स्थित द ललित होटल के अकाउंटेंट ने 24.28 लाख रुपये का गबन कर सारी रकम अपने बैंक अकाउंट में जमा करवा दी। मामले का खुलासा होने के बाद होटल के जनरल मैनेजर इमित अरोड़ा ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद आईटी पार्क थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान पिंजौर के गांव मानकपुर स्थित नानकचंद कलां निवासी मनीष धीमान के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक इमित अरोड़ा ने शिकायत में कहा कि होटल में मनीष धीमान फाइनांस अकाउंट विभाग में अकाउंटेंट (कैश इंचार्ज) के पद पर कार्यरत था। बीते 5 दिसंबर को ऑडिट के दौरान पता चला कि 24.28 लाख रुपये कम हैं। जब उन्होंने अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि मनीष ने अप्रैल से दिसंबर 2019 तक अपने पर्सनल एक्सिस बैंक के खाते में सारी रकम जमा करवा ली। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया मनीष ने होटल से गबन कर सारे रुपये शेयर ट्रेडिंग में लगा दिए।