मोहाली। फेज-6 स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेट मेडिकल साइंस कॉलेज के टीकाकरण और कोविड केयर सेंटर में अब लोगों को दिक्कत नहीं आएगी। सेना की ओर से कॉलेज को 10 जवान जेसीओ मुहैया करवाए गए हैं। जो कि सेहत विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर काम करेंगे। इससे अस्पताल के काम में तेजी आएगी।
संस्थान की निदेशक प्रिंसिपल डॉ. भवनीत भारती ने पश्चिमी कमान के ब्रिगेडियर जेपी सिंह को 10 जेसीओ मुहैया करवाने के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इससे अस्पताल के अन्य कामों में तेजी आएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करें।
जानकारी के मुताबिक डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेट मेडिकल साइंस कॉलेज में इन दिनों काफी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन स्टाफ की कमी के कारण इस काम में दिक्कत आ रही थी। वहीं टीकाकरण के लिए लिए आने वाले लोगों की वजह से सामाजिक दूरी और अन्य गाइडलाइन तोड़ी जा रही थी। जिसके बाद यह मामला सेना के अधिकारियों के सामने उठाया गया था। इसके बाद यह स्टाफ कॉलेज की मदद के लिए भेजा गया है। उम्मीद है कि इससे अस्पताल के काम में तेजी आएगी।
इसी बीच दिव्यांग छात्रों और उनकी देखभाल करने वाले लोगों के लिए लगाए गए शिविर में 31 दिव्यांग और उनकी देखभाल करने वाले 49 लोगों का टीकाकरण किया गया। यह शिविर समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से लगाया गया था। यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। बता दें कि मोहाली में कोविड से जंग में सेना और समाज सेवी संस्थाएं पूरा सहयोग दे रही हैं। सेना की ओर से जहां अस्पताल में ही कोविड केयर सेंटर बनाने की तैयारी है। वहीं, सेक्टर-69, जीरकपुर और डेराबस्सी में समाज सेवी संस्थाएं लोगों की सेवा के लिए कोविड केयर सेंटर चला रही हैं।