फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोहाली में कोरोना के खिलाफ मोर्चा संभालने को सेना तैयार, मरीजों के लिए इस सप्ताह शुरू हो जाएगा कोविड सेंटर

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली। बेकाबू होते कोरोना से मोहाली में भी सेना मोर्चा लेने के लिए तैयार है। कोरोना की तेज रफ्तार को देखते हुए आने वाले दिनों के लिए बैड व ऑक्सीजन की उपलब्धता बनाए रखने का भरपूर प्रयास किया जा रहा है। इस कड़ी में जहां सिविल अस्पताल को पहले ही कोविड केयर सेंटर बना दिया गया है। वहीं, राज्य सेहत विभाग 550 ऑक्सीजन बैड वाला अस्थाई कोविड सेंटर बनाने की तैयारी में जुट गया है। इतना ही नहीं सेना भी कोरोना के खिलाफ मोर्चा संभालते हुए अस्थायी अस्पताल तैयार कर रही है, जो इस सप्ताह शुरू होने की संभावना है।
विज्ञापन

कोरोना की बेकाबू रफ्तार को देखते हुए आने वाले दिनों में ज्यादा ऑक्सीजन बैड की जरूरत महसूस की जा रही है। ट्राइसिटी की बात करें तो भी मोहाली में सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले हैं। इसके बावजूद अभी तक बैड और ऑक्सीजन की उपलब्धता को बनाए रखा गया है। प्रशासन ने बैड व ऑक्सीजन की निगरानी के लिए कई कमेटियां गठित कर दी हैं। औद्योगिक इकाइयों को ऑक्सीजन के खाली सिलिंडर उपलब्ध करवाने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। वहीं बैड की कमी को दूर करने के लिए सेहत विभाग तो काम कर ही रहा है, सेना ने भी मोहाली में मोर्चा संभाल लिया है। कोरोना की तेज रफ्तार से निपटने के लिए फेज 6 वार एरिया बनता नजर आ रहा है। फेज 6 स्थित सिविल अस्पताल को कोविड केयर सेंटर बना दिया गया है। यहां बैड की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव भी है। सेहत विभाग भी फेज 6 के सरकारी कॉलेज में 550 बैड का अस्थाई कोविड केयर सेंटर बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए सेहत विभाग के अधिकारी सरकारी कॉलेज का दौरा कर चुके हैं। हालांकि कॉलेज प्रबंधन ने सेहत विभाग से कोविड केयर सेंटर में आने-जाने के लिए कॉलेज का मेन गेट इस्तेमाल करने की बजाए अलग रास्ते का प्रबंध करने को कहा है। सेहत विभाग कॉलेज के खेल मैदान में टैंट लगा कर अस्थाई अस्पताल तैयार करेगा। वहीं सेना ने भी मोर्चा संभाल लिया है। फेज 6 में ही मेडिकल कॉलेज के लिए तैयार की गई इमारत में सेना द्वारा अस्थाई अस्पताल तैयार किया जा सकता है। रक्षा मंत्रालय की डिफेंस रिसर्च एंड डवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन यानि डीआरडीओ ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। इसी सप्ताह इस अस्थाई अस्पताल के शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। इस अस्पताल में सेना के स्पैशलिस्ट डाक्टर्स की टीम मेडिकल स्टाफ के साथ मोर्चा संभालेगी। अस्पताल में ऑक्सीजन बैड व आधुनिक जांच उपकरण उपलब्ध होंगे। सेना के इस अस्पताल में कोरोना ओपीडी व एमरजेंसी की सुविधा भी होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें