मोहाली। अप्रैल की तेज और चुभने वाली धूप ने लोगों की आंखों पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है। सिविल अस्पताल मोहाली में इन दिनों आंखों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे ओपीडी पर दबाव साफ नजर आ रहा है। हालात यह हैं कि हर दिन बड़ी संख्या में लोग आंखों की समस्या लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। आई विभाग की प्रमुख डॉ. सोनिया फुल्के ने बताया कि सबसे ज्यादा असर बच्चों पर देखा जा रहा है। 5 से 15 साल के बच्चे तेजी से एलर्जी की चपेट में आ रहे हैं। हर 100 मरीजों में करीब 20 मरीज एलर्जी के मिल रहे हैं। इनमें आंखों का लाल होना, खुजली, सूखापन और पानी आना जैसी समस्याएं आम हैं। तेज धूप, धूल और गर्म हवाएं इसकी बड़ी वजह बन रही हैं।
उन्होंने बताया कि यह मौसम बुजुर्गों, खासकर मोतियाबिंद के मरीजों के लिए और भी खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे मरीजों को दोपहर की तेज धूप से बचना चाहिए, क्योंकि इससे उनकी समस्या गंभीर हो सकती है। लोगों को सलाह दी गई है कि बाहर निकलते समय धूप का चश्मा और छाता जरूर इस्तेमाल करें। साथ ही आंखों में किसी भी तरह की परेशानी होने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से जांच कराना ही सुरक्षित है। लगातार बढ़ते मामलों ने अस्पताल प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। यदि मौसम का यही रुख बना रहा तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।