मोहाली। राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सहायकों के वेतन में बढ़ोतरी की है। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकों की ओर से किया जा रहा रोष प्रदर्शन तुरंत प्रभाव से वापस ले लिया गया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अरुणा चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब सरकार ने राज्य की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी के हिसाब से मानदेय बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि अब 26,074 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रति माह 600 रुपये और मिलेंगे, जबकि 1240 मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बढ़े हुए मानदेय के रूप में 500 रुपये और मिलेंगे और 26,074 आंगनबाड़ी सहायकों को हर महीने 300 रुपये और मानदेय के तौर पर प्राप्त करने के योग्य होंगे। अरुणा चौधरी ने इस मांग को जायज और लंबे समय से लंबित मानते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के सामने यह मुद्दा उठाया था। प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की हरी झंडी मिलने के बाद 28 जुलाई को वित्त मंत्री के साथ विचार-विमर्श किया गया। वित्त विभाग से अपेक्षित मंजूरी लेने के बाद सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विभाग ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। इस दौरान मुख्य मांग पूरी होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकों की यूनियनों ने इस फैसले को ऐतिहासिक करार देते हुए अपना प्रदर्शन वापस ले लिया है।