मोहाली। पैरा खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए मोहाली की खिलाड़ी अनन्या बंसल ने जिले का नाम रोशन किया है। लुधियाना में आयोजित खेलो वतन पंजाब की पैरा प्रतियोगिता की ओपन श्रेणी में अनन्या ने शॉटपुट में स्वर्ण और लंबी कूद में रजत पदक हासिल किया।
इससे पहले 18 नवंबर को सामान्य खिलाड़ियों की प्रतियोगिता में भी उन्होंने शॉटपुट में कांस्य पदक जीता था। अनन्या ने अपनी सफलता का श्रेय कोच डॉ. हरिंद्रजीत सिंह, मलकियत सिंह और स्वर्ण सिंह को दिया। वह सेक्टर-78 में इनके मार्गदर्शन में अभ्यास करती हैं। वर्ष 2018 से लगातार राष्ट्रीय पैरा प्रतियोगिताओं और कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में पंजाब का प्रतिनिधित्व कर चुकी अनन्या ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।