जीरकपुर। सनौली के 76 वर्षीय बुजुर्ग सुहीरद सिंह ने पुलिस को बयान दिया है कि कुछ लोगों ने उन्हें शादी के नाम पर ठग कर अगवा किया और उनकी जायदाद हड़पने की कोशिश की। बुजुर्ग के अनुसार दो व्यक्ति पहले उनके पास आए और कहने लगे कि बाबा हम आपकी शादी करवा देते हैं। इनकार करने पर 26 सितंबर की शाम चार व्यक्ति उनके फार्म हाउस पर आए। उनके हाथ-पैर बांधकर, मुंह पर टेप लगाकर पानीपत ले गए। उन्हें वहां तीन दिन एक घर में रखा गया।
वहां कप्तान सिंह, दीपक, मनीष, टिंकू उर्फ सोनू और एक महिला वकील सहित कुछ अन्य लोग मौजूद थे। बुजुर्ग ने बताया कि कप्तान सिंह ने खुद को 302 के केस में दोषी बताकर कहा कि जज को एक करोड़ रुपये देने हैं। उनकी जमीन का एग्रीमेंट टू सेल या जीपीए करवाने के लिए दबाव बनाया। बुजुर्ग ने कहा कि उन्हें धमकाकर दस्तखत करने के लिए मजबूर किया, लेकिन उन्होंने साइन नहीं किए। 13 अक्टूबर की सुबह वह महिला वकील के घर से निकलकर भागने में कामयाब हो गए और ट्रक से अपने फार्म हाउस आ गए।
16 अक्टूबर को वही चार व्यक्ति दोबारा उनके पास आए, लेकिन उनके साथ किसी और व्यक्ति को देखकर भाग गए। घर पहुंचकर उन्होंने देखा कि उनका कमरा ताला बंद था, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और कागजात गायब थे, जबकि सीसीटीवी कैमरे की तार कटी थी। बुजुर्ग ने पुलिस से उक्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।