नयागांव। शहर से सटे गांव कांसल में बुधवार सुबह 11 महीने के एक बच्चे को पिकअप गाड़ी ने कुचल दिया। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमएसएच-16 चंडीगढ़ में भिजवाया। नयागांव थाना पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव कांसल में बच्चा लवकुश बुधवार सुबह अपने घर के बाहर खेल रहा था। वहीं, पर एक पिकअप गाड़ी चालक अपनी पिकअप गाड़ी को बैक कर रहा था। यह गाड़ी सामान से लोड थी और चालक पीछे बच्चे को नहीं देख पाया और उसे कुचल दिया। बच्चे के परिजनों को जब इसके बारे में पता चला तो वहां हंगामा हो गया। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और आरोपी गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।