जीरकपुर। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 175 किलो चूरापोस्त बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने कार चालक और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कार चालक नरिंदर सिंह निवासी गांव गाजीपुर, तहसील राजपुरा, पटियाला और सिकंदर सिंह निवासी तारापुर, ब्लॉक माजरी, एसएएस नगर मोहाली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 15-61-85 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस पार्टी ने पीआर-7 मैक्डी जीरकपुर से छत्त लाइट पॉइंट की तरफ सतसंग भवन की पिछले तरफ नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान वहां से गुजरने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। सुबह करीब 8 बजे एक इनोवा कार नाके के नजदीक धीमी गति से आई और फिर अचानक तेज रफ्तार से निकलने लगी। नाके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने जैसे-तैसे कार को रोका और कार में सवार दोनों व्यक्तियों को नीचे उतारकर कार की तलाशी ली गई तो पुलिस को कार की डिग्गी से 7 थैलों में 175 किलो चूरापोस्त मिला। हर थैले में 25-25 किलो चूरापोस्त भरा हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में चूरापोस्त कहां से लाया गया था और आगे इसे कहां और किसे सप्लाई किया जाना था। पकड़े गए आरोपी कब से यह काम कर रहे है यह भी जांच की जा रही है।