मोहाली में पुलिस लगा रही स्पेशल नाके।
- फोटो : फाइल
पंजाब के पुलिस थाने आतंकियों के निशाने पर हैं। पंजाब में बीते 25 दिनों में छह बड़े आतंकी हमलों को अंजाम दिया गया है। इन सभी आतंकी हमलों में पुलिस थानों को निशाना बनाया गया है। वहीं वीरवार को भी बम बख्शीवाला चौकी पर ग्रेनेड हमला हुआ है। जो एक महीने के भीतर सातवां मामला है।
इसके चलते मोहाली पुलिस अलर्ट हो गई है। ऐसे में अब मोहाली शहर के सभी सीमाओं पर पुलिस स्पेशल नाके लगाएगी। डीजीपी पंजाब के निर्देशों पर बॉर्डर एरिया पर मोहाली पुलिस की ओर से स्पेशल नाकाबंदी की जाएगी। यह नाके रोजाना लगेंगे। एसएसपी मोहाली दीपक पारिक खुद नाके पर तैनात होकर वाहनों की जांच करते नजर आए। बताया जा रहा है कि रोजाना बॉर्डर एरिया पर स्ट्रांग नाकाबंदी की जाएगी। दो शिफ्टों में नाके लगेंगे। पहली शिफ्ट रात 10 बजे से 12 बजे और दूसरी शिफ्ट 12 से सुबह 3 बजे तक लगेगी। अब से रोजाना मोहाली के एंट्री व एग्जिट प्वाइंट पर स्ट्रांग नाके लगेंगे।
मुलाजिमों को दिए बॉडी कैम
एसएसपी दीपक पारिक ने कहा कि मोहाली में नई नाइट पुलिसिंग योजना शुरू की गई है, जिसके तहत रोजाना देर रात तक नाके लगाए जाएंगे। नाकेबंदी दौरान संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जाएगी। साथ ही ड्रग्स सप्लायर और हथियार तस्करों पर शिकंजा भी कसा जाएगा। एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि सभी एसपी और डीएसपी अपने एरिया में नाकाबंदी करवाएंगे। मौके पर वीडियोग्रॉफी भी की जाएगी। मुलाजिमों को बॉडी कैम दिए गए हैं। एसपी को हर नाके की रिपोर्ट एसएसपी दफ्तर देने के भी निर्देश हैं।
रोजाना 500 वाहनों के हो रहे चालान
बुधवार रात जगतपुरा बॉर्डर पर मोहाली पुलिस ने नाकाबंदी की थी। कैमरे लगी पीसीआर से पूरे नाके से गुजरने वाले वाहनों की रिकार्डिंग हो रही थी। एसएसपी दीपक पारिक, एसपी सिटी हरबीर सिंह अटवाल, एसपी रूरल मनप्रीत सिंह, दो डीएसपी, थाना एसएचओ के अलावा पुलिस फोर्स नाके पर तैनात थी। बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की जांच की गई। एसएसपी ने बताया कि मोहाली जिले में रोजाना 500 के करीब चालान किए जा रहे हैं। प्रतिदिन 24 के करीब वाहनों कानून की उल्लंघना करने पर जब्त किए जा रहे हैं। बाहरी वाहनों की गंभीरता से जांच की जा रही है। देर रात एयरपोर्ट रोड पर भी पुलिस ने नाकाबंदी कर मोहाली में एंटर होने वाले वाहनों की जांच की गई।