जीरकपुर। वार्ड नंबर 25 में एकेएस कलोनी फेज-दो में निजी बिल्डर द्वारा निर्माणाधीन अवैध कालोनी का रास्ता निकालने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कालोनीवासियों का कहना है कि बिल्डर नगर काउंसिल के अधिकारियों से मिलीभगत करके उनकी कालोनी से अवैध रूप से रास्ता निकाल रहा है। फिलहाल काउंसिल ने नोटिस लगवाकर काम रुकवा दिया है।
एकेएस 2 के पास कॉलोनाइजर एक बीघा क्षेत्र में कालोनी बना रहा है। बताया जाता है कि नगर काउंसिल के अधिकारियों से मिलीभगत करके बिल्डर ने 500 गज का एक प्लाट खरीद लिया है। जो 7 साल पहले काटी गई एकेएस कालोनी से जुड़ा हुआ है। वीरवार की सुबह कॉलोनाइजर ने उक्त प्लाट के साथ बनी एकेएस-2 कालोनी की पांच फीट ऊंची दीवार तोड़कर रास्ता निकालने का प्रयास किया। लोगों ने इसका विरोध करते हुए बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद कालोनीवासियों ने दीवार को फिर से बनवाना शुरू कर दिया। इस पर बिल्डर की ओर से भी कई व्यक्ति आ गए और विरोध किया। इसके बाद लोगों ने मामले की शिकायत नगर काउंसिल जीरकपुर को दी तो मौके पर आकर बिल्डिंग इंस्पेक्टर ने काम रुकवाकर निर्माण कर रहे कॉलोनाइजर की जगह पर नोटिस चस्पा करवा दिया।
इस बारे में कालोनीवासी जसवंत सिंह, रमेश कुमार, योगेश शर्मा,, युवराज सिंह, मोहिंदर सिंह अमित कुमार, सतीश कुमार, शाम सुंदर कौशल, सोहन लाल, राम धवन सिंह ने बताया कि नगर काउंसिल के अधिकारियों ने फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया है। कॉलोनाइजर द्वारा दीवार तोड़े जाने से लोगों में काफी रोष है।
नगर काउंसिल को पहले भी बताया पर कोई नहीं आया
कालोनीवासियों का कहना था कि दीवार तोड़े जाने की सूचना नगर काउंसिल जीरकपुर के अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। बिल्डर ने पहले भी दीवार तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन विरोध के चलते नहीं तोड़ सका। इस प्रकरण से पहले भी नगर काउंसिल को अवगत कराया जा चुका है।
लोगों द्वारा शिकायत मिलने के बाद एकेएस कालोनी फेस दो के नजदीक तोड़ी गई दीवार का संज्ञान लेते हुए बिल्डिंग इंस्पेक्टरों को मौके का मुआयना कर संबधित व्यक्ति के न मिलने पर वहां नोटिस चस्पा करवा दिया है। जिसका जवाब देने के लिए उसे तीन दिन का वक्त दिया गया है। तबतक उसे काम बंद रखने के लिए कहा गया है।सुखजिंदर सिंह सिधु, कार्यकारी अधिकारी, नगर काउंसिल जीरकपुर।