स्कूल-कॉलेजों में स्वीप अभियान, मतदान के लिए जागरूक किया
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला स्वीप टीम की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्कूलों और फेज-6 स्थित सरकारी कॉलेज में छात्राओं ने करवाचौथ से पहले हाथों पर स्वीप की मेहंदी लगाकर मतदान का संदेश दिया। जिला चुनाव अधिकारी-कम-उपायुक्त कोमल मित्तल के नेतृत्व में आयोजित इस पहल का उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व से परिचित कराना है। छात्राओं ने संदेश दिया कि त्योहारों की तरह लोकतंत्र के पर्व में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। जिले के मतदाता साक्षरता क्लबों की ओर से पोस्टर निर्माण, नारा लेखन और अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी करवाई जा रही हैं। इनके माध्यम से युवाओं को मतदाता पहचान पत्र बनवाने और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला नोडल अधिकारी स्वीप इंजीनियर गुरबख्शिश सिंह अंटाल ने 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं से मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अहम है।