चंडीगढ़। आईएस बिंद्रा पीसीए स्टेडियम मोहाली में भारत और अफगानिस्तान के बीच 11 जनवरी को टी20 का मुकाबला खेला जाएगा। इसके लिए अफगानिस्तान की टीम ने लगातार दूसरे दिन अभ्यास किया। कप्तान इब्राहिम जादरान की अगुवाई में टीम मंगलवार शाम पांच बजे स्टेडियम में अभ्यास के लिए पहुंची। मंगलवार का दिन काफी सर्दी वाला रहा। इसके बावजूद अफगानिस्तान टीम के खिलाड़ियों को मनोबल देखने लायक था। टीम ने फ्लड्स लाइट्स में दो से अधिक घंटों तक नेट्स पर जमकर अभ्यास किया। टीम में कप्तान के अलावा विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज, इकराम अलीखिल, हजरतुल्लाह जजई, रहमत शाह, नजीबुल्लाह, मोहम्मद नबी, करीम जनत, नवीन उल हक, नूर अहमद, मुंजीर उर रहमान, मोहम्मद सलीम और अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।
राशिद ने कैच पकड़ने का अभ्यास किया
हाल में पीठ की सर्जरी से उभर से अफगानिस्तान टीम के स्टार खिलाड़ी राशिद खान टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। राशिद ने पहले मैदान पर लंबी दूरी का कैच पकड़ने का अभ्यास किया वहीं नेट्स में कुछ समय के लिए गेंदबाजी भी की।
आज पहुंचेगी भारतीय टीम
मुकाबले के लिए भारतीय टीम को मंगलवार को चंडीगढ़ पहुंचना था। किन्हीं कारणवश टीम नहीं पहुंच पाई। अब बुधवार को टीम चंडीगढ़ पहुंचेगी और शाम को पीसीए स्टेडियम में अभ्यास करेगी।