जीरकपुर-कालका-शिमला हाईवे पर स्थित दफ्तर को बंद करके आ रहे वकील को कार सवार चार बदमाशों ने अगवा कर लिया। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद अगवा करने वाले उसे पटियाला की ओर ले गए हालांकि पटियाला जिले में भादसों के नजदीक अपहरणकर्ताओं की कार का एक्सिडेंट हो गया जिसके चलते बदमाश वकील को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
मामला पुलिस के ध्यान में आने के बाद डीएसपी डेराबस्सी गुरबख्शीश सिंह, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरवंत सिंह व बलटाना चौकी इंचार्ज भिंदर सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी। वकील की माता वीणा जिंदल निवासी सेक्टर 20 पंचकूला ने बताया कि उसका 30 वर्षीय लड़का हर्षित जिंदल ने पंचकूला सड़क पर स्थित सोही बेंक्वट के पास दफ्तर बनाया हुआ है। वह रोजाना की तरह अपने दफ्तर आया था।
वह दफ्तर बंद कर अपने घर को आने के लिए जैसे ही नीचे पार्किंग में अपनी कार के पास जाने लगा तो सफेद रंग की वर्ना कार में सवार चार अज्ञात लोग उसे अगवा करके कार में ले गए। यह बात उसे ऑफिस में काम करने वाले रजनीश ने बताई तो उसने तुरंत पुलिस को बताया।
सूचना मिलने पर डीएसपी डेराबस्सी गुरबख्शीश सिंह, थाना प्रभारी गुरवंत सिंह व बलटाना चौकी इंचार्ज सहायक इंस्पेक्टर भिंदर सिंह ने मौके पर पहुंच कर नजदीक के होटलों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे थे कि सूचना मिली है कि अगवाकारों की कार भादसों के पास एक डिवाइडर पर चढ़ कर हादसे का शिकार हो गई है।
हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई लेकिन कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और चलने लायक न रही। वहीं हादसे के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई। इस दौरान वकील के शोर मचाने पर अगवाकार उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
डीएसपी ने बताया कि अगवा वकील के पहुंचने पर असलियत सामने आएगी। पुलिस ने मौके पर मिली हादसाग्रस्त कार के नंबर के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को एक होटल की सीसीटीवी में कुछ संदिग्ध लोगों की तस्वीरें कैद हुई हैं। वकील शादीशुदा है जो यहां पर प्रॉविडेंट फंड का काम करता है।