मोहाली। मोहाली बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव एडवोकेट हरजिंदर सिंह बैदवान और हरबिंदर बैदवान के पिता एयरमैन के रूप में भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त और एडवोकेट करनैल सिंह बैदवान के निधन के बाद परिवार ने गांव सोहाना में देहदान की रस्म पूरी की। शनिवार को बैदवान का निधन हो गया था। मरणोपरांत शरीर को चिकित्सा अनुसंधान के लिए पीजीआई को दान करने की घोषणा की गई। अत: देहदान के संबंध में किए वादे के अनुसार अंतिम संस्कार नहीं किया गया और रविवार को पीजीआई के डॉक्टरों की टीम ने गांव सोहाना से आकर शव दान की रस्म पूरी की। इस अवसर पर वायु सेना 3बीआरडी टीम ने राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर सम्मान और सलामी दी। इस मौके पर डीएसपी हरसिमरन सिंह बल, स्क्वाड्रन लीडर डीपीएस पुनिया (रिटायर्ड) डीजीएम सुरक्षा पेस्को, लेबरफेड के पूर्व एमडी परमिंदर सिंह सोहाना ने पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी।
एडवोकेट करनैल सिंह बैदवान का जन्म 7 अगस्त 1945 को गांव सोहाना में हुआ था और 1964 को एयरमैन के रूप में भारतीय वायु सेना में शामिल हुए। वह भारतीय वायुसेना के मिग-25 विमान में पारंगत थे। उन्होंने 29 वर्षों तक भारतीय वायु सेना में सेवा के उपरांत 1993 को 3बीआरडी एयरफोर्स चंडीगढ़ से सेवानिवृत्त हुए।