दिवाली की रात 11 बजे मोहाली में एक्यूआई 492 पहुंचा, हवा बेहद खराब हुई
मोहाली। दिवाली पर खुशियों और रोशनी के बीच शहर की हवा में जहर घुलता चला गया। आतिशबाजी का शोर थमने का नाम नहीं ले रहा था और दूसरी ओर प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा था। जिला प्रशासन की ओर से पटाखे चलाने के लिए रात 10 बजे तक की समय सीमा निर्धारित की गई थी, लेकिन इसके बावजूद कई इलाकों में तय समय के बाद भी देर रात तक पटाखे चलते रहे। इसका असर हवा की गुणवत्ता पर भी देखने को मिला। दिवाली की रात मोहाली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़कर 492 तक पहुंच गया, जो बेहद खतरनाक स्थिति को दर्शाता है।
8 नवंबर को शाम 6 बजे मोहाली का एक्यूआई 146 था। रात 8 बजे यह बढ़कर 242 हो गया। इसके बाद प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा और रात 9 बजे एक्यूआई 413 तक पहुंच गया। रात 11 बजे यह अपने चरम पर 492 दर्ज किया गया। हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी रही।
मोहाली के आसपास के क्षेत्रों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रहा। पटाखों से निकलने वाला धुआं और हवा की धीमी गति प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। ऐसे में प्रशासन के समय संबंधी आदेशों की अनदेखी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।