जीरकपुर। ढकोली क्षेत्र के गंदे बरसाती नाले की समस्या पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। यूनिफाइड रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की शिकायत के बाद पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने नाले में बढ़ते प्रदूषण और खुले में कूड़ा फेंकने की शिकायतों पर पानी के नमूने लिए हैं।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने नाले के विभिन्न स्थानों से नमूने एकत्र किए। इन नमूनों की जांच से प्रदूषण और दुर्गंध के कारणों का पता चलेगा। यह भी जांच की जाएगी। कहीं अवैध रूप से सीवरेज या ड्रेनेज का पानी नाले में तो नहीं छोड़ा जा रहा। खुले प्लॉटों में कूड़ा-कचरा फेंकने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
एसोसिएशन की मांग और उम्मीद
एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण शर्मा ने अधिकारियों को बताया कि पंचकूला से आने वाले दूषित पानी के कारण क्षेत्र में लगातार दुर्गंध रहती है। उन्होंने लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई। एसोसिएशन ने पानी दूषित करने वालों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन ने मोहाली की जिलाधिकारी कोमल मित्तल और पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से समस्या का स्थायी समाधान होगा और स्वच्छ, क्लीन और ग्रीन ढकोली का अभियान सफल होगा।