मोहाली। एडीसी (विकास) सोनम चौधरी ने बुधवार को गांवों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले की विभिन्न परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के साथ इस बैठक में उन्होंने कहा कि सरकारी परियोजनाओं के चल रहे कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसा व्यवहार करने वाले अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले के गांवों में खेल के मैदान बनाने का कार्य शीघ्र किया जाए। जिले के गांवों में 143 खेल मैदान बनाए जाने हैं, जिनमें से 37 बन चुके हैं और 76 पर कार्य प्रगति पर है। इन कार्यों पर अब तक करीब 344 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। चौधरी ने शौचालयों, शेडों की सफाई, पेयजल परियोजनाओं, अवैध कब्जों को हटाने सहित गांवों की सूरत सुधारने के लिए किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की। गांवों में अमृत सरोवर के काम में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत मनरेगा मजदूरों से ज्यादा से ज्यादा कार्य करवाए जाएं। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों से खुद ही मौके पर जाकर कार्य का निरीक्षण करने की हिदायत भी दी।