डेराबस्सी। मुबारकपुर रेलवे अंडरपास से गुजर रहे लोगों के लिए मंगलवार को देर रात बड़ा खतरा पैदा हो गया जब अंडरपास में अचानक बिजली का करंट आ गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक एक्टिवा चालक को तेज करंट का झटका लगा जिससे अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि चालक सही सलामत है। यह करंट बिजली का तार टूटने के कारण आया था। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी डेराबसी बिक्रमजीत सिंह बराड़ ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने मुबारकपुर चौकी इंचार्ज चरणजीत सिंह को निर्देश दिया कि वह तुरंत मौके पर पहुंचकर सबसे पहले अंडरपास से वाहनों की आवाजाही रोकें ताकि बड़े हादसे को टाला जा सके। डीएसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़ ने तुरंत बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाकर अंडरपास में टूटा बिजली का तार ठीक कराया। इसके बाद आवाजाही को फिर से बहाल कर दिया गया। डीएसपी बराड़ ने विभाग को भविष्य में ऐसी लापरवाहियों से बचने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं।