डेराबस्सी। सैनी मोहल्ले में तड़के घर में घुसकर परिवार के साथ सो रही 8 वर्षीय बच्ची को उठाकर ले जाने और उसके साथ अश्लील हरकतें करने के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान खेम चंद निवासी गांव सैदपुरा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी बलविंदर सिंह ने बताया कि 5 सितंबर को तड़के करीब 4 बजे आरोपी घर में दाखिल हुआ और सो रही बच्ची को उठाकर साथ लगती गली की ओर ले गया। इस दौरान आरोपी की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थीं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और चोरी से संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान बच्ची के साथ अश्लील हरकतें किए जाने का मामला भी सामने आया है। पुलिस द्वारा बच्ची का मेडिकल भी करवाया गया है।