मोहाली। पंजाब मानवीय तस्करी एक्ट और धोखाधड़ी के मामले में आरोपी ने 7 जून को पटियाला पुलिस के मुलाजिम पर कार चढ़ा दी। इस वारदात को तब अंजाम दिया गया जब पटियाला पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए उसके घर के बाहर जाल बिछा रखा था। आरोपी की पहचान अमित कक्कड़ निवासी फेज-2 के रूप में हुई है। आरोपी पर यह भी आरोप है कि उसने पटियाला पुलिस के सीनियर अधिकारियों के साथ हाथापाई की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को तोड़ मरोड़ कर गलत ढंग से न्यूज चैनलों को पेश किया। आरोपी के खिलाफ पटियाला पुलिस के कांस्टेबल तारा चंद की शिकायत पर अब थाना फेज-1 में मामला दर्ज किया गया है।
कांस्टेबल तारा चंद ने अपने बयान में बताया कि वह सिविल लाइन थाना जिला पटियाला में तैनात है। इस थाने में 20 मई को आरोपी अमित कक्कड़ के खिलाफ पंजाब मानवीय तस्करी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। वह आरोपी की तलाश में 7 जून को इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह, सहायक थानेदार बलजिंदर सिंह, नवदीप सिंह, महिला कर्मचारी संतोष व सिपाही गगनदीप सिंह के साथ सरकारी गाड़ी में आरोपी अमित कक्कड़ के घर पहुंची। अमित कक्कड़ बाहर से गाड़ी में आया। उसको पुलिस की पहले से पहचान थी। वह अमित के पास गया तो आरोपी ने गाड़ी का शीशा नीचे किया। कांस्टेबल ने अपनी पहचान बताई और कहा कि उसके खिलाफ पटियाला थाने में मामला दर्ज है। यह बात सुनकर कक्कड़ ने गाड़ी भगा ली। तारा चंद ने स्टेयरिंग पकड़ा हुआ था। इस कारण कक्कड़ उसे काफी दूर तक घसीटकर ले गया। बाद में आरोपी अपने कुछ साथियों को लेकर वहां आया। उसने सीनियर अधिकारियों के साथ हाथापाई कर दुर्व्यहार किया। उस समय फेज-1 थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। कक्कड़ ने उसे और पुलिस पार्टी को धमकाना शुरु कर दिया। आरोपी के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं। बाद में उसने पुलिस को शिकायत दी और पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया।