मोहाली। थाना फेज-1 पुलिस ने 26 जुलाई को इलाके में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में पुलिस अब तक 15 आरोपियों को पकड़ चुकी है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस मामले में पुलिस बरेली से अनुराग जौहरी को पकड़कर लाई और अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया। वह उन्हें यूएसए के लोगों के नंबर मुहैया कराता था।
जानकारी के अनुसार, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8बी की एक इमारत में फर्जी कॉल सेंटर चल रहा था। उसमें कुछ व्यक्ति यूएसए में रह रहे लोगों को उनका पेपॉल अकाउंट बंद होने की ईमेल करते और उसमें उसे खुलवाने के लिए टोल फ्री नंबर भी देते थे जिस पर कॉल करने के बाद लोगों का उनसे संपर्क होता था। इसके बाद वे पेपॉल अकाउंट खोलने के नाम पर उससे पैसे चार्ज करते थे। इस बारे में पता चलने पर पुलिस ने दबिश दी। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी रोहित चेची समेत 15 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें से अधिकतर की जमानत हो चुकी है। वहीं, अब पुलिस ने इन्हें यूएसए के लोगों के नंबर मुहैया कराने के आरोपी अनुराग जौहरी को बरेली से गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी से पहले उसके बदायूं स्थित घर में दबिश देकर पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उसकी लोकेशन बरेली की आई तो उसे वहां से पुलिस ने पकड़ लिया। वह वहां पहचान बदलकर प्रेमिका के साथ रह रहा था।
इस बारे में इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8बी के थाना अधिकारी अभिषेक शर्मा ने कहा कि आरोपी को बरेली से पकड़कर लाए थे। अदालत में पेश करके रिमांड लिया जाएगा। वहीं पूछताछ में उसके अन्य साथियों के बारे में पता किया जाएगा।